
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र 19 अगस्त से आरंभ होगा। सत्र के दौरान कुल 859 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें से 637 तारांकित और 222 अतारांकित सवाल हैं। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने आज शिमला में एक पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि अधिकांश सवाल विधानसभा क्षेत्रवार पूछे गए हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों में रिक्तियों, पेयजल, ड्रग माफिया और बागवानी को लेकर भी सवाल पूछे गए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 21 अगस्त को ओडिशा विधानसभा की समिति प्रदेश विधानसभा का दौरा करेगी। इसके अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का भी 20 अगस्त को विधानसभा का दौरा करने का कार्यक्रम है।
अनिल शर्मा को नई सीट आवंटित : विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा है कि पूर्व मंत्री अनिल शर्मा की विधानसभा में वरिष्ठता के हिसाब से बैठने का स्थान तय कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कई अन्य सदस्यों के बैठने के स्थान में परिवर्तन हुआ है क्योंकि दो सदस्य किशन कपूर और सुरेश कश्यप अब सांसद बन गए हैं। बिंदल ने कहा कि अनिल शर्मा को भी अन्य विधायकों की तरह एमएलए हॉस्टल में दो सेट दिए जाएंगे हालांकि दूसरा सेट उपलब्ध होने की स्थिति में ही मुहैया करवाया जाएगा।