
शिमला। मुख्मयंत्री जय राम ठाकुर ने आज पूर्व राज्य भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जय किशन शर्मा के परिवारजनों से ऊना के हरोली स्थित उनके निवास स्थान पर जाकर सांत्वना व्यक्त की तथा उन्हें ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने जय किशन शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण भी किया तथा दिवंगत आत्मा की शान्ति और शोक सन्तप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति से उभरने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
जय किशन शर्मा वर्ष 1998 से 2003 तक सन्तोखगढ़ (हरोली) के विधायक और वर्ष 2000 से 2003 राज्य भाजपा के अध्यक्ष रहे थे।
उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के साथ बात करते हुए कहा कि जय किशन शर्मा एक सज्जन पुरूष तथा जन नेता थे। उन्होंने कहा कि ऊना जिले के विकास मुख्यतः हरोली क्षेत्र के विकास में जय किशन शर्मा का योगदान सदैव याद रखा जाएगा।