शिमला। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने आज राजकीय डिग्री काॅलेज संजौली का दौरा किया और विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों के बारे में चर्चा की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि ‘ज्ञान ही ऊर्जा है’ और इस ऊर्जा को बढ़ाने के लिए व्यक्तित्व के विकास पर विशेष बल दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल और अन्य गतिविधियां शारीरिक विकास को बढ़ाने में सहायक होती है और अगर शरीर स्वस्थ है तो मनुष्य अपने आप में ही ऊर्जावान होगा। इसी प्रकार हमें अपने मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के लिए योग और ध्यान जैसी गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने जीवन में बुरी आदतों से बचने, तकनीक का सही इस्तेमाल करने और सकारात्मक सोच को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यार्थियों को महान व्यक्तियों की पुस्तकें पढ़ने और कौशल विकास पर ध्यान केन्द्रित करने को कहा।
इससे पूर्व, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डाॅ. सी.बी. मेहता ने राज्यपाल का स्वागत किया और महाविद्यलय की शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने राज्यपाल को पुस्तकें भी भेंट की।
बातचीत के दौरान विद्यार्थियों ने राज्यपाल से अनेक प्रश्न पूछे और राज्यपाल के जीवन के बारे में जाना।