प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं नाहन के मौजूदा विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने नगर परिषद नाहन को 5000 मास्क भेंट किए। इसके लिए नगर परिषद ने विधायक का आभार व्यक्त किया। डॉ. बिंदल ने भाजपा द्वारा किए जा रहे जन सेवा के कार्यों का भी ब्यौरा भी रखा।
नाहन। कोरोना वायरस के चलते हिमाचल बीजेपी ने प्रदेश में बड़े स्तर पर मास्क वितरित करने का अभियान चला रखा है। पार्टी द्वारा अब तक लाखों मास्क का वितरण प्रदेश भर में किया जा चुका है। इसी कड़ी में अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं नाहन के मौजूदा विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने नगर परिषद नाहन को 5000 मास्क भेंट किए। इसके लिए नगर परिषद ने विधायक का आभार व्यक्त किया।
डॉ. बिंदल ने भाजपा द्वारा किए जा रहे जन सेवा के कार्यों का भी ब्यौरा भी रखा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि जिस दिन से कोरोना की वजह से प्रदेश में कर्फ्यू लगा, उस दिन से 5 मुद्दों पर जोरों से काम किया और पूरे हिमाचल में पार्टी ने संकल्प लिया कि किसी भी क्षेत्र में कोई व्यक्ति भूखा नहीं सोना चाहिए और उसके मद्देनजर 1 लाख 9 हजार राशन किटें भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा वितरित की गई।
वहीं, दूसरे संकल्प के तहत भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में बुधवार तक प्रदेशभर में करीब 18 लाख 40 हजार फेस कवर बनाकर बांटे जा चुके हैं। इसी तरह प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री राहत कोष में करीब 10 करोड़ रुपये की राशि कार्यकर्ताओं द्वारा जमा करवाई जा चुकी है।
डॉ. बिंदल ने बताया कि अब इस अभियान में भाजपा ने प्रधानमंत्री के आह्वान पर तीन बातों को और शामिल किया है। जिसमें पहला 2 गज की दूरी-बहुत है जरूरी, दूसरा सावधानी हटी-दुर्घटना घटी और तीसरा फेस कवर लगाएं सुरक्षा पाए, शामिल हैं। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष ने कोरोना वायरस के मद्देनजर प्रदेश सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की भी सराहना की। इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता भी मौजूद रहे।