कुल्लू (हिमाचल वार्ता) : अटल रोहतांग टनल सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बन गई है। अटल रोहतांग टनल के दुनिया भर में विख्यात होने से इसे देखने के लिए सैलानियों का जमावड़ा लगने लगा है। खासकर वीकेंड में सैलानी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। बाहरी राज्यों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ से भारी संख्या में सैलानी यहां अटल रोहतांग टनल को निहारने पहुंच रहे हैं।
अटल रोहतांग टनल के खुलने के बाद यह पर्यटकों के लिए नया पर्यटन स्थल बन गया है। वही अधिकतर सैलानी केवल टनल और आसपास के इलाके तेलिंग, गुफा होटल और सिस्सू पहुंचने लगे हैं। सैलानियों के भारी संख्या में यहां पहुंचने से लाहौल में पर्यटन कारोबार भी चमकने लगा है। 6 माह बाद पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटने से होटल संचालकों के चेहरे पर रौनक लौट आई है।
लाहौल घाटी के सरकारी, पर्यटन निगम के होटल व रेस्ट हाउस पैक हैं। निजी होटल व रेस्ट हाउस में ऑक्यूपेंसी 60 फीसदी तक पहुंच गई है। वही अटल रोहतांग टनल की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी भी नियुक्त किए गए हैं। जो पर्यटकों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए हैं।