नाहन (हिमाचलवार्ता)। 3 चरणों में मतदान प्रक्रिया पूरी होने के चलते आगामी 15 जनवरी से हिमाचल पथ परिवहन निगम नाहन डिपो की अधिकतर बस सेवाएं व्यस्त रहेगी। जिसके चलते आवागमन लगभग चार-पांच दिन के लिए प्रभावित होगा। जानकारी के अनुसार जिला सिरमौर में 259 ग्राम पंचायतों में चुनाव संपन्न करवाने के लिए नाहन परिवहन निगम की 70 बसें 15 जनवरी को पोलिंग पार्टियों को उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाने में व्यस्त हो जाएंगी।
जिला सिरमौर में 17, 19 व 21 जनवरी को मतदान होने के चलते विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग दिन निगम से निर्वाचन आयोग द्वारा बसों की सेवाएं लेने के लिए निर्देश आए हैं, जिसके चलते 15 जनवरी से 21 जनवरी तक एचआरटीसी की बसें पोलिंग पार्टियों को छोड़ने और वापस लाने के लिए सेवारत रहेंगी। इस दौरान विभिन्न बस रूट भी प्रभावित होंगे।
उधर, एचआरटीसी नाहन डिपो के अड्डा प्रभारी एवं प्रदेश चालक परिचालक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुखराम ठाकुर ने बताया कि पंचायती राज चुनाव को संपन्न करवाने के लिए नाहन की 70 बसें 15 जनवरी से रवाना हो जाएंगी।