देवदार के पेड़ पर चली कुल्हाड़ी, 56092 रूपए आंकी गई कीमत
नाहन (हिमाचलवार्ता)। जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ में वन काटुओं ने देवदार के एक पेड़ पर कुल्हाड़ी चला दी। जिसकी कीमत लगभग 56092 रूपए आंकी गई है। वन विभाग को जैसे ही इस बाबत पता चला तो इसकी शिकायत पुलिस थाने में दी गई है।
वहीं पुलिस ने वन विभाग की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करते हुए आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हलोनी पुल के साथ लगते जंगल में वन विभाग की टीम जब गश्त करते हुए पहुंची तो पाया गया कि यहां देवदार का एक पेड़ कटा हुआ था।
जब टीम ने मामले की छानबीन की तो हलोनी गांव में चिंरजी लाल के नए मकान के पास देवदार की लकड़ी बरामद हुई। जिसके बाद वन परिक्षेत्राधिकारी श्यामदत्त ने इसकी शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर डॉ. केसी शर्मा ने की है।