61 वर्षीय व्यक्ति पर तेंदुए ने किया हमला, अस्पताल में उपचाराधीन
नाहन (हिमाचलवार्ता)। पांवटा साहिब की ग्राम पंचायत सैनवाला में तेंदुए का आतंक देखने को मिला है। यहां एक तेंदुए ने ग्रामीण पर हमला कर उसे घायल कर दिया है। घायल अवस्था में ग्रामीण को अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका उपचार जारी है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सैनवाला में 61 वर्षीय धर्म सिंह घर पर सोए हुए थे। इसी दौरान उनपर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। जिसके बाद व्यक्ति ने चीखना-चिल्लाना शुरू किया तो तेंदुआ वहां से भाग गया। तेंदुए के हमले से व्यक्ति के सिर और बाजू पर चोटे आई हैं जिन्हें परिजनों द्वारा उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका उपचार जारी है।
वही घटना के बाद से क्षेत्र में भी खौफ का माहौल पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द से जल्द पिंजरे में कैद करने की मांग की है।