हरिपुरधार में टायर फटने से मैकेनिक का टूटा जबड़ा, गंभीर रूप से घायल
नाहन (हिमाचलवार्ता):- हरिपुरधार बाजार में टायर पंक्चर की दुकान में मंगलवार को अचानक जोरदार धमाके के साथ टायर फट गया। टायर फटने से 42 वर्षीय मैकेनिक जगत सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। जिसके बाद लोग उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुरधार ले गए। लेकिन मैकेनिक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज नाहन रैफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार जगत सिंह दोपहर बाद करीब पौने एक बजे अपनी वर्कशॉप में एक टायर में हवा भर रहा था। अचानक टायर फट गया और टायर का कड़ा उछल कर उसके बाईं तरफ के जबड़े में लग गया। धमाके की आवाज सुनकर काफी संख्या में लोग वहां पर एकत्रित हो गए और अफरा-तफरी मच गई।
वहां पर मौजूद लोग उसे तुरंत सीएचसी ले गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे नाहन रेफर किया गया।बताया जा रहा है कि मेकैनिक की हालत में आज सुधार है। उसका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।