
शिक्षा विभाग से हुए थे सेवानिवृत्त, समाजिक कार्यों में रहा अभूतपूर्व योगदान
नाहन (हिमाचलवार्तान्यूजलाइन) :- कोरोना से जिला सिरमौर में हो रही मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज वीरवार दोपहर 12:30 बजे के आसपास रोटरी क्लब नाहन के पूर्व अध्यक्ष सुरेश रतन का स्वर्गवास हो गया है। सुरेश रतन हाल ही में कोरोना पॉजिटिव आए थे, जिनका साईं अस्पताल नाहन में इलाज चल रहा था। बताया यह भी जा रहा है कि सुरेश रतन हार्ट के भी पेशेंट थे।
सुरेश रतन शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद ऊपली टोली नाहन में रहने वाले सुरेश रतन सामाजिक गतिविधियों से जुड़ गए थे। सुरेश रतन रोटरी हिल्स और रोटरी क्लब के प्रधान व गवर्नर भी रहे हैं। उनके अचानक हुए इस देहांत पर पूरा शहर शोक में डूब गया है।
वही रोटरी हिल्स के गवर्नर रहे डॉ. एसके सबलोक ने उनके देहांत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे सामाजिक क्षेत्र में बड़ी क्षति बताया है। सुरेश रतन के अचानक देहांत पर विधायक डॉ राजीव बिंदल, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजय सोलंकी सहित शहर के सभी लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की