नाहन (हिमाचलवार्ता)। – पांवटा साहिब में देर रात भुंगरनी रोड़ पर हुए दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब दो युवक बाइक पर पांवटा साहिब की तरफ आ रहे थे और विपरीत दिशा से आ रही अनियंत्रित कार ने उन्हें रौंद दिया।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात दस बजे के करीब पुलिस को स्थानीय सिविल अस्पताल से सूचना मिली की एक युवक को लहूलुहान हालत में सिविल अस्पताल लाया गया है।
शुरुआती जांच में पता लगा है कि 21 वर्षीय धनी राम पुत्र सोहन निवासी मत्रालियां और गौरव पुत्र फकीर चंद भुंगरनी रोड़ पर आ रहे थे। तभी तेज रफ्तारी कार ने अनियंत्रित होकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आस पास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को स्थानीय सिविल अस्पताल लाया गया। जहां तैनात डॉक्टर रिचा उपाध्याय ने जांच कर धनीराम को मृत घोषित कर दिया।
जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंच हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया है।