नाहन संजय सिंह 19 जनवरी (हिमाचलवार्ता न्यूज़ ) :- नाहन के वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र चौधरी की भाभी मोहनी देवी का पीजीआई चंडीगढ़ में देहांत हो गया है। पीजीआई की रिपोर्ट में मोहनी देवी को कोरोना पॉजिटिव भी बताया गया है। हालांकि उनके भतीजे मनोज ने बताया कि उनकी ताई जी को सांस की दिक्कत थी। बीते 10 जनवरी को उनकी हालत खराब होने पर चंडीगढ़ के पारस अस्पताल ले जाया गया।
जहां पर इलाज से पहले उनका कोरोना टेस्ट भी किया गया। टेस्ट में मोहनी देवी नेगेटिव पाई गई। यहां यह भी बताना जरूरी है कि मोहनी देवी को नाहन से रेफर किया गया था। नाहन में भी उनका कोरोना टेस्ट नेगेटिव आया था। इलाज में आ रही दिक्कतों के चलते परिजन उन्हें पीजीआई ले आए। पीजीआई में उनका इलाज चल रहा था कि अचानक 18 जनवरी की रात को उनका चंडीगढ़ में देहांत हो गया।
पीजीआई में उनका बीते कल कोरोना टेस्ट भी किया गया। इस कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट में मोहनी देवी पॉजिटिव पाई गई। बड़ी बात तो यह है कि कोरोना से मृत्यु होने पर अधिकतर अस्पताल डेड बॉडी को लाने ले जाने से भी गुरेज करते हैं। ऐसे में एक बार फिर नाहन के समाज सेवक और एंबुलेंस चालक राम सिंह का बड़ा योगदान सामने आया। राम सिंह को विभाग से सूचना मिलते ही वह बुधवार की सुबह पीजीआई के लिए रवाना हो गया था।
बता दें कि रामसिंह ना केवल कोरोना से मारे गए लोगों की डेड बॉडी को लेकर आता है बल्कि डेड बॉडी के अंतिम संस्कार में भी वह अग्रणी भूमिका निभाता है। वही मोहनी देवी के निधन पर चौधरी परिवार में शोक की लहर है।