पांवटा साहिब 29मई (हिमाचल वार्ता न्यूज) :- आम आदमी पार्टी द्वारा रविवार को जनसंवाद कार्यक्रम पांवटा साहिब के ज्ञानचंद गोयल धर्मशाला में आयोजित किया गया, जिसमें हिमाचल प्रभारी और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने बाता पुल चौक पर भारी संख्या में पहुंचकर उनका स्वागत एक बाइक रैली कर उनको धर्मशाला तक लेकर आए।
मौके पर मौजूद आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता मनीष ठाकुर , आम आदमी पार्टी के सदस्य अनिन्दर सिंह नॉटी व इंद्रजीत सिंह मिक्का ने उनका पांवटा पहुंचने पर स्वागत किया। पार्टी प्रवक्ता मनीष ठाकुर ने कहा की आज हिमाचल में आम आदमी पार्टी तीसरे विकल्प के रूप में सामने आई है, हिमाचल की सरकार के ऊपर इतना कर्जा है की उसे चुकाना ही उनके लिए मुश्किल हो रहा है, लेकिन आज सरकार कर्ज लेने से भी कतरा नहीं रही है, हिमाचल में बेरोजगारी सबसे ज्यादा है। आम आदमी पार्टी अपने विजन को लेकर हिमाचल में चलेगी।
आप प्रवक्ता अनिन्द्र सिंह नोटि ने कहा कि हिमाचल में आम आदमी पार्टी की सीधी लड़ाई भाजपा से है वह आने वाले चुनावों में भाजपा को हरा कर आम आदमी पार्टी हिमाचल में सरकार बनाएगी और दिल्ली मॉडल को हिमाचल में लागू किया जाएगा, वहीं कई लोगों ने आप की सदस्यता ग्रहण की। जनसंवाद करते हुए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री व आम आदमी पार्टी के प्रभारी सतेंद्र जैन ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल में भाजपा के राज में हिमाचल जनता आम आदमी पार्टी से जुड़ रही है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की नीतियां वह विकास देखकर लोग आप से जुड़ रहे हैं। ऊर्जा मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा की कथित भ्रष्टाचार में उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री से सीख लेनी चाहिए। पुलिस भर्ती का पेपर लीक हुआ उस पर हिमाचल की सरकार को इतना समय हो गया, बावजूद इसके जिसने पेपर लीक करवाया, वो अभी भी बाहर घूम रहा है। उन्होंने बताया कि हिमाचल में बेरोजगारी बढ़ रही है इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में शिक्षा व स्कूलों का स्तर गिर रहा है और बीजेपी सरकार इसके और कोई ध्यान नहीं दे रही है।
हिमाचल में बेरोजगारी इसलिए है कि स्कूल तो सरकार ने थोक में खोल दिए लेकिन उन स्कूलों में पढ़ाई का स्तर शून्य है। आज शिक्षक शिक्षा नहीं अपितु डिग्रीयां बाँट रहे हैँ, इसलिए बच्चों को नौकरियां मिलना मुश्किल हो रहा है, दिल्ली विकास और हिमाचल विकास की मंच से तुलना कर कहा कि अब बताओ किसकी सरकार ठीक रहेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में आम आदमी पार्टी 68 की 68 सीटों पर चुनाव लड़कर हिमाचल में एक विकास वाली और ईमानदार सरकार बनाएगी जिससे देव भूमि हिमाचल में विकास ही विकास होगा।
उन्होंने कहा कि जल्द ही टिकट किसे दिया जायेगा इसका फैसला भी किया जाएगा , लेकिन फिलहाल जिसको भी टिकट दिया जाएगा सभी उसके साथ रहेंगे। इस दौरान आम आदमी पार्टी के रणवीर राणा , हलीन कौर किसान यूनियन के सभी सदस्य व महिला शक्ति मौजूद रही।
