नाहन 17 जून (हिमाचल वार्ता न्यूज):- अग्निपथ योजना के तहत सेना में अग्निवीरों की भर्ती के फैसले का हिमाचल प्रदेश में जोरदार विरोध हो रहा है। जिला सिरमौर के नाहन में युवाओं ने जमकर प्रदर्शन किया। सेना भर्ती नियमों में संशोधन से गुस्साए युवाओं ने सड़कों पर उतरकर अपना विरोध दर्ज किया। युवाओं ने चौगान मैदान से लेकर डीसी ऑफिस तक रोष रैली निकाली और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दरअसल, केंद्र सरकार ने अग्निपथ स्कीम के तहत सेना में अग्निवीरों की भर्ती का फैसला लिया है। सेना ने भर्ती प्रक्रिया में बदलाव किया है। पहले लिखित परीक्षा होगी, उसके बाद ग्राउंड टेस्ट होगा। इससे पहले युवाओं का ग्राउंड टेस्ट होता था। छह महीने प्रशिक्षण के बाद जवानों की सेना में सेवाएं ली जाएंगी। चार वर्ष की सैन्य सेवा की समाप्ति पर 11.71 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा।
इसमें आयकर की छूट रहेगी। 48 लाख रुपये का गैर अंशदायी जीवन बीमा का लाभ, अगर अग्निवीर की सेना में सेवाएं देते वक्त 44 लाख रुपये की ग्रेच्युटी और बची हुई सैन्य सेवा काल का वेतन और सेवा निधि भी दी जाएगी। इसके विरोध में युवा सड़कों पर उतर गए हैं। उधर, राकेश, रोहित और गौरव का कहना है कि वह दिन रात मेहनत कर सेना में भर्ती होने का सपना देख रहे हैं और सरकार उनके साथ ऐसा व्यवहार कर रही है।
