नाहन 20 जून (एसपी जैरथ)( हिमाचलवार्ता न्यूज) जिला मुख्यालय नाहन में आम आदमी पार्टी (आप) ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। इस दौरान आप ने शहर में केंद्र सरकार के खिलाफ खूब नारेबाजी की साथ ही कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शव यात्रा भी निकाली। आपको बता दें कि केंद्रीय सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं।
बड़ी बात यह है कि हिमाचल प्रदेश का जिला सिरमौर भी इस प्रदर्शन से अछूता नहीं है। चंद रोज पहले ही युवाओं ने जिला मुख्यालय नाहन में इस योजना के खिलाफ जमकर हल्ला बोला था। तो वहीं दूसरी तरफ आज अग्निपथ योजना के विरोध में आप ने खूब प्रदर्शन किया साथ ही जमकर नारेबाजी करते हुए इस योजना को युवाओं के साथ बड़ा खिलवाड़ बताया।
जानकारी के अनुसार पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ठाकुर के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी (आप) ने सैकड़ों युवाओं के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपायुक्त कार्यालय तक शव यात्रा निकाली। जिसके बाद उपायुक्त कार्यालय के गेट के बाहर पहुंचकर प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।
इस मौके पर आप के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ठाकुर ने अग्निपथ भर्ती योजना की निंदा करते हुए कहा कि यह योजना युवाओं के साथ एक भद्दा मजाक है। उन्होंने कहा कि इस योजना को जल्द से जल्द वापस लेना चाहिए तथा पूर्व की भांति ही सेना में युवाओं की भर्ती की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक इस योजना को केंद्र सरकार वापस नहीं लेती तब तक वह इसका विरोध करते रहेंगे।
