नाहन 08 जुलाई ( हिमाचलवार्ता न्यूज):- जिला सिरमौर प्रशासन के द्वारा बरसात के दिनों में सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। उपायुक्त जिला सिरमौर आरके गौतम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बरसात के दिनों में नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करें। उन्होंने कहा कि जरूरी नहीं है कि आपके क्षेत्र में बारिश नहीं हो रही हो, मगर ऊपरी क्षेत्रों में बारिश होने से नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं। ऐसे में नदी-नालों में जाना खतरे से खाली नहीं होता है
उन्होंने कहा कि जिनके घर नदी या नालों के आसपास हैं वह भी अलर्ट मोड पर रहे। उन्होंने यह भी कहा कि कोशिश करें कि बरसात के दिनों में किसी सुरक्षित स्थान पर रहे। उपायुक्त सिरमौर ने वाहन चालकों से भी अपील करते हुए कहा कि भारी बारिश के दौरान कच्ची अथवा टूटी हुई सड़क से गुजरने की कोशिश ना करें। उपायुक्त सिरमौर ने कहा कि लोक निर्माण विभाग को आदेश भी जारी किए गए हैं कि जो ब्लैक स्पॉट हैं वहां पर सावधानी बरतने का नोटिस जरूर लगाएं।
