नाहन 13 जुलाई (हिमाचल वार्ता न्यूज):- इनरह्वील क्लब नाहन द्वारा डॉ यशवंत सिंह परमार के एमसीएच सेंटर में विश्व जनसंख्या दिवस मनाया। इस दौरान फीमेल हेल्थ सुपरवाइजर सुदेश कुमारी और प्रोमिला द्वारा वहां उपस्थित लोगों को परिवार नियोजन के बारे में स्थाई और अस्थाई तरीके के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान इनरव्हील की जेडसीसी रचना गौतम ने बढ़ती हुई जनसंख्या के बारे में और इससे होने वाले नुक्सान के बारे में विस्तार से लोगों को अवगत करवाया ।
उन्होंने बताया कि विश्व में बढ़ती जनसंख्या पर्यावरण के लिए एक चुनौती है तथा इससे निरंतर प्राकृतिक संसाधनों की कमी हो रही है। जिससे निपटने के लिए देश की युवा पीढ़ी को महत्वपूर्ण भूमिका अदा करनी होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षित महिलाएं भी जनसंख्या नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण रोल अदा कर सकती है। इसलिए महिलाओं सहित समाज में प्रत्येक वर्ग का शिक्षित होना अत्यंत जरूरी है।
इस दौरान इनरह्वील क्लब की प्रधान अलका गर्ग ने बताया कि भारत वर्ष की आबादी 140 करोड़ पार कर गई है और हम जनसंख्या की दृष्टि से चीन के बाद दूसरे स्थान पर हैं। इस कार्यक्रम में प्रधान अलका गर्ग के अलावा मधु अग्रवाल , ममता अग्रवाल, अलका गुप्ता सहित दर्जनों इनरव्हील कार्यकर्ता उपस्थित रही।
