नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) ( संजय सिंह)भले ही केंद्र सरकार द्वारा 15 जुलाई से देश भर में कोविड की बूस्टर डोज फ्री लगाने की घोषण की हो लेकिन, जिला सिरमौर में स्वास्थ्य विभाग के पास कोविशील्ड ही मौजूद नहीं है।
जिला मुख्यालय नाहन स्थित कोविड टीकाकरण केंद्रों में 18 वर्ष से ऊपर की आयु के लोगों को अभियान शुरू होने के पहले दिन ही एहतियातन (बूस्टर) डोज नहीं लग पाई। इन केंद्रों में कोविशील्ड का भंडार (स्टॉक) खत्म हो गया है।
ऐसे में पहले दिन इस आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण नहीं हो पाया। जिला प्रशासन की ओर से बाकायदा 15 जुलाई से बूस्टर डोज लगवाने के लिए लोगों से अपील की गई थी, लेकिन वैक्सीन न होने से केंद्रों पर आने वाले लोगों को मायूसी ही हाथ लगी।
मेडिकल कॉलेज नाहन का कोविड टीकाकरण केंद्र पर टीकाकरण टीम तो तैनात थी लेकिन उसने पास टीका नहीं था जिसके चलते लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। बताते हैं कि यहां कोई भी व्यक्ति टीकाकरण के लिए नहीं पहुंचा था। टीम से पूछने पर पता चला कि लोग अपना पता और मोबाइल नंबर टीकाकरण टीम के पास पंजीकृत करवाकर चले गए।
बताया गया कि सुबह से दोपहर तक 15 लोग बूस्टर डोज लगाने पहुंचे थे, जो बिना टीका लगाए लौट गए। इसी प्रकार आयुष अस्पताल के टीकाकरण केंद्र पर भी चिकित्सक और टीकाकरण टीम मौजूद थी। यहां भी स्टॉक न होने से बूस्टर डोज नहीं लग पाई।
इस बारे में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद सांगल ने बताया कि स्टॉक खत्म होने के चलते नाहन में बूस्टर डोज नहीं लग पाई है। उन्होंने बताया कि जिले के अन्य टीकाकरण केंद्रों में लोगों को एहतियातन खुराक लगाई गई है।
विभाग की ओर से उच्च अधिकारियों को 3,54,720 वैक्सीन की मांग भेजी गई है। जैसे ही आपूर्ति होगी बूस्टर डोज लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले में कुल 10,03,861 लोगों को कोरोना से बचाव की पहली, दूसरी और बूस्टर डोज लगी है। इनमें 5,00,028 को पहली, 4,69,844 को दूसरी और 33,989 को बूस्टर डोज लगी है।