श्री रैणुका जी (हिमाचल वार्ता न्यूज):- जिला सिरमौर के ऊपरी क्षेत्रों में बारिश का दौर लगातार जारी है। आज सुबह भी जिला के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई जिससे नदी नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जिसके चलते जिला सिरमौर प्रशासन ने लोगों से एहतियात बरतने की भी अपील की है। बता दें कि भारी बारिश के कारण गिरी जटोन डैम का भी जलस्तर बढ़ गया है और पानी खतरे के निशान पर पहुंच गया है।
ऐसे में आज सुबह 6:15 बजे के करीब गेट नंबर-4 खोल दिया गया है। जानकारी देते हुए गिरी जटोन डैम श्री रेणुका जी से अजय शर्मा ने बताया कि डैम से पानी छोड़े जाने की स्थिति में इसके अंतर्गत आने वाली पंचायतों, सभी मैदानी इलाकों में जल स्तर बढ़ सकता है या बाढ़ और भूस्खलन जैसी स्थिति पैदा होने की संभावना हो सकती है।
उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील है कि इस दौरान नदी के किनारों व आस-पास जाने से परहेज करें। उन्होंने बताया कि नदी किनारे अपने मवेशियों को भी मत छोड़े। कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सिरमौर के निशुल्क दूरभाष नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
