चम्बा ( हिमाचल वार्ता न्यूज)हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले को बड़े तोहफे मिले है। चम्बा जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में इंडोर स्टेडियम बनाए जाएंगे। इंडोर स्टेडियम बनने से कई खेल एक स्थान पर खेलने की खिलाड़ियों को सुविधा मिलेगी। हिमाचल प्रदेश खेल विभाग के प्रस्ताव को खेल मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है। हर इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए केंद्र सरकार की ओर से दो-दो करोड़ रुपये का बजट जारी होगा।
युवा सेवाएं और खेल विभाग के निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कुछ समय पहले चंबा जिले में इंडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। मंत्रालय से इस बाबत मंजूरी मिल गई है। खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करवाने के लिए प्रशिक्षकों की नियुक्ति होगी। इसी कड़ी में राज्य खेल विभाग की ओर से खेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया था। यह इंडोर स्टेडियम चंबा सदर, डलहौजी, चुराह, भरमौर और भटियात में इंडोर स्टेडियम बनाए जाएंगे। इन स्टेडियमों में मुख्य रूप से बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बिलियर्डस, जिम्नास्टिक, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, बॉक्सिंग, बास्केटबाल, वॉलीबाल, जूडो और एथलेटिक्स से जुड़ीं गतिविधियां होंगी।