नाहन (हिमाचल वार्ता न्यूज):- बुधवार की देर शाम से लगातार वीरवार की सुबह तक बरसे मेघों ने सिरमौर की सड़कों की हालत बिगाड़ दी है। भारी बरसात के चलते नाहन से चासी की ओर जाने वाली सड़क कठाना के पास बंद हो गई है। सड़क पर पहाड़ी के दरकने से भारी मलबा गिरा, जिसके चलते सड़क मार्ग का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया।
इसी दौरान कौलावाला भूड़ -चासी होकर नाहन पहुंचने वाली तीन बसे कठाना से पीछे ही सड़क बंद होने के कारण रुक गई। बसों में अधिकतर दफ्तर, आईटीआई, स्कूल, कॉलेज सहित अस्पताल आने वाले लोग रहते हैं। बस में सवार लोगो ने बताया कि पहले डुंगाघाट के पास एक भारी भरकम पेड़ सड़क पर गिर गया, जिसके चलते रोड बंद हो गया।
हालांकि जेसीबी द्वारा पेड़ को हटाया गया और उसके बाद लोगो को करीब 3 किलोमीटर पैदल चलकर कठाना रोड के तिराहे तक पहुंचना पड़ा। जहां से उन्हें दूसरी बस पकड़कर नाहन पहुंचना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार लैंडस्लाइड वाली जगह से पीछे करीब 3 और काफी संख्या में वाहन रुके हुए थे। बता दे कि भारी बरसात के चलते थोड़े दिन पहले सुरला पुल के समीप नदी का पानी इतने उफान पर था कि वह लोगों के घर तक पहुंच गया।
भारी बरसात के चलते लोगों की फसलें तक खराब हो गई है। वही नाहन-907 ए एनएच शिमला रोड पर भी जगह-जगह पहाड़ी से पत्थर गिरने का समाचार मिला है। हालांकि यह सड़क यातायात के लिए बाधित नहीं हुई है बावजूद इसके सड़कों पर हल्का-फुल्का लैंडस्लाइड हो रहा है।
