नाहन (हिमाचल वार्ता न्यूज):- केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने नाहन वासियों को सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा का उपहार दिया है। अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में समाजिक संस्था प्रयास द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजना अस्पताल- सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा का विस्तार करते हुए यह सेवा अब हिमाचल प्रदेश के शिमला संसदीय क्षेत्र के नाहन विधानसभा क्षेत्र में भी जनसाधारण को अपनी सेवाएं प्रदान करेगी।इस स्वास्थ्य सेवा का लाभ नाहन विधानसभा क्षेत्र मे ग्रामीण इलाकों के साथ साथ औद्योगिक क्षेत्र के लोगों को भी मिलेगा। विधायक नाहन राजीव बिंदल ने कहा कि इस सेवा के द्वारा जनता को घर द्वार पर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। इस योजना में दवा, डॉक्टर और स्वास्थ्य उपचार की सुविधा घर द्वार पर ही जनता को मिलनी आरंभ होंगी। जनता के स्वास्थ्य को जांचने की 40 प्रकार की रक्त जाँचे भी निःशुल्क की जाएंगी और उन जाँचो के आधार पर अनुभवी डॉक्टरों द्वारा उपचार एवं निःशुल्क दवाईयां मरीजों को दी जाएंगी।
यह मोबाइल मेडिकल यूनिट हर दिन विधानसभा क्षेत्र के गावों मे जाकर जनता को स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करेगी। राजीव बिंदल ने ग्राम पंचायत हरिपुर खोल में स्वास्थ्य मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर इस सुविधा की शुरुआत की एवं स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें 80 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच एवं 35 लोगों की रक्तजाँच की गई। राजीव बिंदल ने यह भी बताया कि मात्र 4 वर्षों में संसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा टीम ने 6,22,354 किमी की दूरी तय करके 8 जिलों में लगभग 7,15,132 लोगों को उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करवाई है।