ऊना (हिमाचल वार्ता न्यूज) जिला मुख्यालय के साथ लगते गांव जलग्रां में रविवार को बिजली गिरने से एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला के दो बच्चों को भी चोटें आई हैं। हालांकि, बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतक महिला की पहचान 26 वर्षीय शीतल मूल निवासी दरभंगा बिहार के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार सीता अपने परिवार के साथ जलग्रां में बनी झुग्गी झोपड़ी में रहती थी।
रविवार शाम करीब 04:30 बजे क्षेत्र में हुई भारी बारिश के दौरान गिरी आसमानी बिजली ने सीता को अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जब उसे क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में मृतका के दो बच्चे आदित्य कुमार उम्र पांच साल और शिवराज उम्र चार साल के घायल होने की सूचना है। दोनों बच्चे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचाराधीन है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है। डीएसपी हेडक्वार्टर ऊना अंकित शर्मा ने कहा कि जलग्रां में आसमानी बिजली गिरने से महिला की मौत का मामला सामने आया है। मामले की जांच जारी है।