
नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (रेणु ब्यास):- जिला सिरमौर में डेंगू के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं और आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। लगातार बढ़ रहे मामलों से लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई हैं। हालांकि, विभाग डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग और टीमें भेजकर लोगों को जागरूक कर रहा है। बावजूद इसके मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जिला में अब तक 445 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं।बीते रोज़ भी सिरमौर में डेंगू के 37 नए मामले सामने आए थे। डेंगू से पीड़ित मरीज उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन और पांवटा पहुंच रहे हैं। उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि कालाअंब और नाहन क्षेत्र में डेंगू के ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। विभाग की ओर से इन क्षेत्रों में विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि डेंगू का मच्छर सुबह और शाम ज्यादा प्रभावी होता है। ऐसे में इस दौरान शरीर पर पूरे कपड़े पहनें।