
नाहन ( हिमाचलवार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ) : -शहर के दिल्ली गेट के समीप दुकान लगाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। 20 मिनट चले हाई वोल्टेज ड्रामा तू-तू, मैं-मैं से शुरू हुआ और नौबत मारपीट तक आ पहुंची। इस मारपीट में परिजन भी आ धमके। परिजनों ने पुलिस के सामने ही काफी देर तक हंगामा किया। बाद में गुन्नुघाट पुलिस चौकी पहुंचने पर मामला शांत हुआ।जानकारी अनुसार नगर परिषद ने दिल्ली गेट पर एक महिला को दिवाली पर दुकान लगाने के लिए जगह किराये पर दे दी। इसी जगह पर एक सब्जी विक्रेता पहले से ही अपनी पर्ची कटवा रहा था। सुबह 11:15 बजे जब सब्जी विक्रेता अपनी दुकान लगाने पहुंचा, तो वहां पहले से ही महिला दुकान सजाए बैठी थी। इस पर सब्जी विक्रेता ने आपत्ति जताई, जिससे दोनों में बहस हो गई। सब्जी विक्रेता ने तैश में आकर महिला का सामान उठाकर दूसरी जगह रख दिया।इसी बीच वहां मौजूद महिला का जानकार युवक ने सब्जी विक्रेता से मारपीट शुरू कर दी। दोनों के बीच जमकर लात घूंसे चले। इसी बीच महिला अपना सामान लेकर जाने लगी तो सब्जी विक्रेता की बहन भी आ धमकी और हंगामा शुरू कर दिया। उसने अपने भाई के साथ मारपीट करने वाले युवक को पकड़कर सरेआम घसीट दिया। इससे लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई।गुन्नुघाट पुलिस चौकी के प्रभारी अच्छर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के कारण मामला दर्ज नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के कर्मचारियों की गलती से विवाद उपजा।