नाहन हिमाचल वार्ता न्यूज़ (रंजना शर्मा ) 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय समारोह सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में आगामी 21 जून को आयुष विभाग द्वारा आयोजित किया जाएगा। उद्योग, आयुष व संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान समारोह के मुख्य अतिथि होंगे जबकि नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत करेंगे।
योग दिवस की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सुमित खिमटा की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय सभागार में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उन तमाम पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई जो समारोह को भव्य व सफल बनाने में कारगर होंगे। उपायुक्त ने कहा कि योग दिवस में शहर के विभिन्न स्कूलों, आर्ट ऑफ लिविंग, सत्य साईं समिति, पतंजलि सहित विभिन्न संस्थाओं के 1000 से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे। समस्त प्रतिभागियों को प्रातः 5.30 बजे नाहन चौगान में पहुंचने का आग्रह किया गया है। उन्होंने जिला आयुर्वेद अधिकारी को योग में भाग लेने वाले स्कूलों, संस्थाओं व अन्य समस्त प्रतिभागियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिये।
सुमित खिमटा ने कहा कि जिला के लिए यह सौभाग्य की बात है कि इस बार राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की मेजबानी करने का अवसर सिरमौर के लिये प्राप्त हुआ है। समस्त प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि हर्षवर्धन चौहान व गणमान्य अतिथियों के साथ योग करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
उपायुक्त ने कहा कि योग करने वाले समस्त प्रतिभागियों के लिये चौगान मैदान में योग के लिये दरी व मैट इत्यादि की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, पानी तथा लाइट रिफ्रेशमेंट का भी प्रबंध किया जाएगा ताकि योग प्रदर्शन सुविधाजनक तरीके से किया जा सके। प्रतिभागियों से यह भी अपील की गई है कि वे सफेद टी-शर्ट अथवा ट्रैक सूट पहनकर आएं ताकि योग करने में सुविधा हो।
सुमित खिमटा ने लोगों से योग दिवस में बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जीवन शैली में आ रहे बडे़ बदलाव के चलते योग की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। उन्होंने सभी लोगों को नित्य प्रति योग सहित कोई न कोई शारीरिक गतिविधि करने की भी अपील की है।
बैठक की कार्यवाही का संचालन करते हुए जिला आयुष अधिकारी डॉ. राजन सिंह ने कहा कि राज्य स्तरीय योग दिवस को धूमधाम से मनाने की तैयारियां की जा रही है। उन्होंने कहा कि चौगान मैदान में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों के अलावा एक बहुउद्देशीय चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने लोगों से चिकित्सा शिविर का लाभ उठाने का आग्रह किया है।
एसडीएम रजनेश कुमार, उपायुक्त के सहायक आयुक्त विवेक शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व स्वयं सेवी व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित रहे।
Breakng
- रैम्प योजना के तहत साझेदार कार्यक्रम आयोजित
- मनमोहन शर्मा ने धारों की धार में प्रगतिशील बागवान करण सिंह द्वारा स्थापित ब्लूबेरी फ्रंट लाइन डेमोंस्ट्रेशन इकाई का किया दौरा
- राष्ट्रीय आयोडीन अल्पता विकार रोकथाम दिवस के उपलक्ष्य पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- उचित मूल्य की दुकानें खोलने हेतू आवेदन की अंतिम तिथि 16 नवम्बर, 2026
- एनपीएस संचय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- प्रदेश सरकार लोगों को घर-द्वार के समीप विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए कार्यरत- डॉ. शांडिल
Friday, October 23
