नाहन 05 मई (एसपी जैरथ):- मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू ने सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में शनिवार को कांग्रेस उम्मीदवार विनोद सुलतानपुरी के लिए चुनाव प्रचार किया। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार प्रदेश को कंगाल कर गई है। सारा खजाना लुटा दिया गया, भाजपा ने चोर दरवाजे खोल रखे थे।
जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री रहते सब कुछ जानते थे, फिर भी अनजान बने रहे। भाजपा ने आपदा में केवल राजनीति की और हमारी सरकार ने प्रभावित परिवारों को बसाने का काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दस सालों में भाजपा ने नया डिपार्टमेंट ऑपरेशन लोट्स बनाया है।
कांग्रेस के छह भगौडू विधायक ईमान बेचकर चले गए। हमारे पास आज भी बहुमत है, सरकार को गिराने की कोशिश करने वाले जनता की नजरों में गिर चुके हैं। देश के इतिहास में यह पहली बार ही होगा कि आज विधायक भी इस्तीफ़ा दे रहे हैं। स्पीकर ने उनसे पूछा कि क्यों इस्तीफा दिया, तो बस यही जवाब कि इस्तीफा स्वीकार कर लो।
ठाकुर सुखविंदर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों की यह बिकने वाली व्यवस्था को जनता ही बदल सकती है, सरकार नहीं। बड़े-बड़े तानाशाहों को क्रांतियों के जरिये जनता ने ही बदला है, इसलिए जनता ही बिकाऊ विधायकों और उन्हें खरीदने वाली भाजपा को सबक सिखाये।
सीएम सुक्खू ने कहा कि भाजपा हिमाचल विरोधी पार्टी है, उसने आपदा में लोगों का साथ नहीं दिया, विशेष राहत पैकेज के लिए सरकार के साथ खड़ी नहीं हुई। कांग्रेस उम्मीदवार विनोद सुलतानपुरी ने कहा कि सासंद सुरेश कश्यप संसद में मौन रहे।
दस साल में सिर्फ दो सवाल पूछे। हमारा रिश्ता इस संसदीय क्षेत्र से पिता जी के समय से है, उनके किये काम हर जगह दिखते हैं। सुरेश कश्यप बताएं पच्छाद में राष्ट्रीय राजमार्ग और नालागढ़-बद्दी में ट्रेन कहां है।