नाहन (हिमाचल वार्ता न्यूज):- कथित गोकशी के मामले में नाहन में उपजे विवाद और बिगड़े माहौल को लेकर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने आरोपी युवक के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की है।
नाहन में पत्रकारों से बातचीत में विनय गुप्ता ने कहा कि नाहन में सोची समझी साजिश के तहत सौहार्द बिगाड़ने की ही नहीं, बल्कि दंगे भड़काने की कोशिश की गई है। ऐसे में संबंधित युवक के खिलाफ देशद्रोह की धाराओं के तहत भी मामला दर्ज होना चाहिए।
इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अगर समय रहते गोकशी की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले युवक पर कार्रवाई की होती तो शहर में माहौल न बिगड़ता, लेकिन पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के चलते माहौल बिगड़ा।
इस मामले में विनय गुप्ता ने शहरवासियों पर दर्ज हुए मामले की भी निंदा की। उन्होंने तुरंत प्रभाव से शहरवासियों के खिलाफ हुए मामले को निरस्त करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर भी जुबानी हमले किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था राम भरोसे रह गई है।