पांवटा साहिब ( हिमाचल वार्ता न्यूज)(एसपी जैरथ):- पांवटा साहिब में यमुना नदी में एक 24 वर्षीय नशेड़ी युवक आकाश निवासी वार्ड नंबर नौ देवीनगर ने यमुना पुल से छलांग लगा दी। यमुना पुल से छलांग लगाने के बाद युवक यमुना नदी में बजरी वाली जगह पर गिरा। इस दौरान तट पर खड़े गोताखोर शिवा, लक्की, महेश व अभिमन्यू ने नदी में कूद कर बड़ी मुश्किल से युवक की जान बचाई।
इस दौरान आकाश के दोस्तों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के तुरंत बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई व आकश को पांवटा सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में मौजूद डा. तुषार ने बताया कि यमुना पुल से बजरी में गिरने के बाद आकाश के दोनों पैरों और पीठ पर फ्रेक्चर हुआ है, जिसके कारण उसे प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर के लिए रैफर कर दिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ पांवटा साहिब आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आकाश नशे का आदि है व नशा मुक्ति केंद्र भी रहकर आया है तथा नशे की हालत में उसने यमुना नदी से छलांग लगाई है।