पांवटा साहिब ( हिमाचल वार्ता न्यूज)(एसपी जैरथ):- जिला सिरमौर के गिरिपार इलाके में बादल फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की शिनाख्त 48 वर्षीय अमान सिंह पुत्र तेलुराम निवासी रेतुआ, पंचायत डांडा आंज, पांवटा साहिब के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार गिरिपार इलाके में शुक्रवार रात मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान डेढ़ बजे के आसपास रेतुआ गांव में बादल फटने की घटना सामने आई।
बादल फटने से रेतुआ गांव में साथ लगते नाले में बाढ़ आ गई। बताया जा रहा है कि बादल फटने के बाद अमान सिंह घर से बाहर निकला, जो भारी मलबे की चपेट में आकर लापता हो गया। इस घटना की जानकारी पुरूवाला पुलिस को भी दी गई। सुबह सवेरे ही लापता की तलाश के लिए आपरेशन चलाया गया।
इस बीच अमान सिंह का शव घर से पांच किलोमीटर दूर टोंस नदी में बरामद हुआ। बता दें कि रेतुआ गांव शिलाता जंगल के बीच बसा है। बताया जा रहा है कि यहां पिछले कुछ समय से भारी पेड़ कटान हो रहा है। ट्रैक्टर निकालने के लिए सड़कें बनाई गई हैं और पेड़ों की लकड़ियां गिराने से यहां लैंडस्लाइड जोन बन गए हैं।
इससे स्थिति काफी गंभीर बन रही है। उधर, पुरूवाला पुलिस थाना के प्रभारी राजेश पाल ने बादल फटने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मलबे के बीच लापता व्यक्ति का शव टोंस नदी में बरामद हो चुका है। पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है।