नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज):- हिमाचल प्रदेश और उत्तरांचल के पर्वतीय इलाकों में हो रही भारी बारिश के चलते जहां हिमाचल प्रदेश की गिरी नदी का जलस्तर बढ़ गया है , वहीं हिमाचल की सीमा के साथ बहती यमुना नदी के जलस्तर में भी भारी बढ़ोतरी हुई है , जिसके चलते जहां रेणुका बांध से पानी छोड़ने का अलर्ट जारी किया गया है , वहीं यमुना नदी पर बने डाकपत्थर और आसन बैराज बांध से भी पानी छोड़े जाने का अलर्ट संबंधित विभाग ने जारी किया है।
इसको लेकर हिमाचल प्रदेश आपदा प्रबंधन एवं हिमाचल प्रदेश पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा जारी की गई एडवाइजरी में डीएसपी पांवटा साहिब आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि रेणुका बांध , डाकपत्थर तथा आसन बैराज से यमुना नदी में पानी छोड़ा जा रहा है , जिस कारण नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। उन्होंने जनमानस से अपील की है कि वह नदी के किनारे ना जाए , क्योंकि नदी के जलस्तर में अचानक ही बढ़ोतरी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कई स्थानों पर बादल फटने जैसी घटनाएं भी हो चुकी है , जिसके चलते अचानक ही नदी नालों में बाढ़ आ जाती है और नदियां उफान पर होती है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वह बरसात के दिनों में नदी नालों के पास जाने से गुरेज करें , ताकि किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना सामने ना आए। अदिति सिंह ने कहा कि आपदा प्रबंधन द्वारा भी इस बारे में एडवाइजरी जारी की गई है कि रेणुका बांध से पानी छोड़ा जा रहा है और कभी भी यमुना और गिरी नदी का जलस्तर बढ़ सकता है।