नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):– हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार एक बार फिर 1200 करोड़ रुपए का कर्ज लेने जा रही है। सरकार द्वारा लगातार लिए जा रहे कर्ज को लेकर भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने प्रदेश सरकार पर हमलावर होते हुए कहा है कि मौजूदा सरकार हिमाचल को कर्ज के बोझ तले डुबो रही है। नाहन में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि मौजूदा सरकार अढाई साल के कार्यकाल में करीब 33500 करोड़ कर्ज लिया और अब फिर प्रदेश सरकार 1200 करोड़ रुपए का कर्ज लेने जा रही है।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार इसी तरह कर्ज लेती रही तो 5 सालों के भीतर कर्ज का आंकड़ा 50 हजार करोड़ के पर चला जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार केंद्र की तरफ से मदद न मिलने का हवाला देती है मगर हकीकत यह है कि लगातार केंद्र की तरफ से हिमाचल को आर्थिक मदद मिल रही है और हाल ही में सरकार ने आपदा राहत के रूप में 2006.40 करोड़ की राशि स्वीकृत की है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मौजूदा सरकार के कार्यकाल में कोई भी विकासात्मक कार्य नहीं हो पा रहे हैं और सिर्फ केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाएं हिमाचल प्रदेश के भीतर चल रही है। सांसद ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मौजूदा सरकार कोई भी नया प्रोजेक्ट हिमाचल प्रदेश के भीतर शुरू नहीं कर पाई है और हिमाचल आर्थिक बदहाली से गुजर रहा है।