किन्नौर ( हिमाचल वार्ता न्यूज़ ):- किन्नौर जिला के श्रमिक कल्याण कार्यालय द्वारा ग्राम पंचायत नाको एवं ग्राम पंचायत हांगो में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार बोर्ड (एच.पी.बी.ओ.सी.डब्ल्यू.) की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान करने हेतु जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
ग्राम पंचायत नाको में आयोजित शिविर में 26 श्रमिकों ने भाग लिया, जबकि ग्राम पंचायत हांगो में 37 श्रमिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रमिक कल्याण अधिकारी किन्नौर, सपन जसरोटिया ने उपस्थित श्रमिकों को संबोधित करते हुए बोर्ड की 14 कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। शिविर के दौरान श्रमिकों को पेम्प्लेट्स एवं आवेदन पत्र भी वितरित किए गए ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
यह पहल वर्तमान प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुकखू की असंगठित क्षेत्र में कार्य कर रहे श्रमिकों को उनके अधिकारों एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का प्रभावी रूप से लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सके।
श्रमिक कल्याण शिविर में महिला कामगारों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्रदेश सरकार की श्रमिक वर्ग के लिए क्रियान्वित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
