मंडी ( हिमाचल वार्ता न्यूज़ ):- उपमंडलाधिकारी (ना.) सरकाघाट एवं मतदाता पंजीकरण अधिकारी स्वाति डोगरा ने सूचित किया कि नगर परिषद सरकाघाट व नगर पंचायत बल्द्वाड़ा के वार्ड संख्या 1 से 7 के लिए मतदाता सूची हिमाचल प्रदेश नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 2015 के अंतर्गत तैयार कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद सरकाघाट की मतदाता सूची की प्रति कार्यालय समय में, उपमंडल अधिकारी (ना.) सरकाघाट के कार्यालय, नगर परिषद सरकाघाट तथा तहसीलदार सरकाघाट के कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। साथ ही नगर पंचायत बल्द्वाड़ा की मतदाता सूची की प्रति कार्यालय समय में, उपमंडल अधिकारी (ना.) सरकाघाट के कार्यालय, नगर पंचायत बल्द्वाड़ा तथा तहसीलदार बल्द्वाड़ा के कार्यालय में निरिक्षण के लिए उपलब्ध है।
यदि किसी व्यक्ति को मतदाता सूची में किसी नाम को शामिल करवाने का दावा करना हो या किसी नाम के शामिल किए जाने पर अथवा प्रविष्टि के विवरण पर आपत्ति दर्ज करवानी हो, तो वह 08 अक्तूबर, 2025 से 17 अक्तूबर, 2025 के बीच उपयुक्त प्रपत्र संख्या 4, 5 या 6 में आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।
यह आवेदन या आपत्ति तहसीलदार (पुनरीक्षण प्राधिकारी) को संबोधित की जानी चाहिए और इसे व्यक्तिगत रूप से, प्रतिनिधि के माध्यम से अथवा पंजीकृत डाक द्वारा उक्त अवधि के भीतर भेजा जा सकता है।
उपमंडलाधिकारी ने आमजन से आग्रह किया है कि यदि उनके नाम, पते या विवरण में कोई त्रुटि या संशोधन आवश्यक हो तो निर्धारित समयावधि में अपना दावा या आपत्ति अवश्य दर्ज करवाएं, ताकि आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए मतदाता सूची पूरी तरह सही और अद्यतन हो सके।
