बिलासपुर ( हिमाचल वार्ता न्यूज़ ):- राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सुरक्षित निर्माण मॉडल प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है। हाई स्कूल, वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल तथा काॅलेज स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर ने हाई स्कूल एवं कॉलेज स्तर की श्रेणियों में प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। हाई स्कूल वर्ग में राजकीय उच्च विद्यालय ज्योरा बिलासपुर तथा काॅलेज वर्ग में राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर को यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने ‘समर्थ-2025’ के तहत आयोजित सुरक्षित निर्माण माॅडल प्रतियोगिता में जिला को हाई स्कूल तथा काॅलेज स्तर पर तीसरा स्थान मिलने पर प्रतिभागी संस्थानों एवं विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर तीनों वर्गों हाई व वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल तथा काॅलेज स्तर में पहले तीन स्थान हासिल करने वाले संस्थानों को आगामी 14 अक्तूबर को शिमला में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षित निर्माण तकनीकों, आपदा प्रबंधन, संरचनात्मक सुरक्षा तथा नवाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। युवा पीढ़ी में आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षित निर्माण की समझ जागरूक समाज के निर्माण का भी आधार है। यह प्रतियोगिता ‘समर्थ-2025’ आपदा जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई है, जिसका संचालन 1 अक्तूबर से 31 अक्तूबर 2025 तक प्रदेश के साथ-साथ जिला बिलासपुर में भी विविध कार्यक्रमों के माध्यम से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता ब्लॉक स्तर से प्रारंभ होकर जिला स्तर तक आयोजित की गई, जिसके उपरांत चयनित प्रतिभागियों ने राज्य स्तर पर भाग लिया। प्रतिभागियों का मूल्यांकन संरचनात्मक सुरक्षा एवं स्थायित्व, डिजाइन नवाचार, तकनीकी सटीकता, स्थानीय संदर्भों की प्रासंगिकता, पर्यावरण समन्वय, अवधारणा की स्पष्टता तथा प्रस्तुति सहित विभिन्न मापदंडों के आधार पर किया गया है।
राहुल कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस (आईडीडीआरआर) के अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा वार्षिक जन-जागरूकता अभियान ‘समर्थ-2025’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य संवेदनशील समुदायों की क्षमता का सुदृढ़ीकरण, युवा पीढ़ी को आपदाओं के प्रति प्रभावी प्रतिक्रिया हेतु तैयार करना, तकनीक एवं नवाचार आधारित शमन उपायों को बढ़ावा देना तथा सुरक्षित निर्माण प्रथाओं को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने लोगों से भी आह्वान किया है कि वह ‘समर्थ-2025’ जन जागरूकता अभियान में सक्रिय रूप से सहभागी बनकर सुरक्षित प्रदेश निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दें।
