मंडी ( हिमाचल वार्ता न्यूज़ ):- हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर द्वारा राजकीय उच्च विद्यालय झोर में “स्वच्छ दिवाली – हरित दिवाली” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को पटाखों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा “ग्रीन दिवाली, स्वच्छ दिवाली” थीम के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता, नारा लेखन प्रतियोगिता, मिट्टी के दीये वितरण जैसी विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। साथ ही दुकानदारों को पटाखों का उपयोग न करने के लिए भी जागरूक किया गया।
क्षेत्रीय प्रयोगशाला के प्रभारी वैज्ञानिक अधिकारी चमन लाल ठाकुर ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदूषण मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल दिवाली मनाने के लिए आमजन को प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पारंपरिक त्यौहारों को भी प्रदूषण रहित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाया जा सकता है। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और स्वच्छ व स्वस्थ दिवाली मनाने का संकल्प दोहराया।
