मंडी ( हिमाचल वार्ता न्यूज़ ):- विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य पर आज नागरिक चिकित्सालय करसोग में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल चौहान की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने एचआईवी/एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करते हुए बताया कि समय पर जांच, सुरक्षित व्यवहार और जागरूकता ही संक्रमण से बचाव का प्रमुख उपाय है।
डॉ. गोपाल चौहान ने विस्तृत रूप से बताया कि यह बीमारी कैसे फैलती है, इसके मुख्य कारण क्या हैं और इससे कैसे बचाव किया जा सकता है। उन्होंने अस्पताल के सभी कर्मचारियों को फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में जागरूक करते हुए कहा कि एचआईवी/एड्स से संबंधित जानकारी को हर एक समुदाय तक पहुँचाया जाना चाहिए ताकि पूरे हिमाचल प्रदेश और भारत को एचआईवी/एड्स मुक्त बनाया जा सके।
इस दौरान आईसीटीसी काउंसलर सिविल हॉस्पिटल करसोग, नंदा शर्मा ने भी एचआईवी/एड्स के ऊपर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वर्तमान में चल रही व भविष्य में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के बारे में सभी को अवगत करवाया।
इस अवसर पर सिविल हॉस्पिटल करसोग के डॉक्टर और सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
