मंडी ( हिमाचल वार्ता न्यूज़ ):- राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सुंदरनगर में रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में एचआईवी/एड्स, नशा उन्मूलन तथा संक्रामक रोगों की रोकथाम संबंधी जागरूकता बढ़ाने हेतु एक दिवसीय विशिष्ट व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रेड रिबन क्लब के प्रभारी डॉ. मनजीत कुमार द्वारा किया गया, जिन्होंने सत्र का प्रभावी संचालन भी किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों, नशे से होने वाले दुष्प्रभावों तथा सुरक्षित जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक करना है।
नागरिक चिकित्सालय सुंदरनगर की स्वास्थ्य परामर्शदात्री मुनीष प्रभा ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित होकर एचआईवी/एड्स की रोकथाम, नशा मुक्ति तथा स्वस्थ जीवन शैली अपनाने पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्रों से नशे से दूरी बनाए रखने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी आचार्यगण, कार्यालय कर्मचारी तथा लगभग 203 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
