मंडी ( हिमाचल वार्ता न्यूज़ ):- अंतरराष्ट्रीय पर्वत दिवस के उपलक्ष्य पर हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुंदरनगर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य विजय चौधरी ने की। वहीं उप प्रधानाचार्य सीता राणा तथा क्षेत्रीय प्रयोगशाला राज्य प्रदूषण बोर्ड सुंदरनगर के प्रभारी वैज्ञानिक अधिकारी चमन लाल ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 35 से 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रभारी वैज्ञानिक अधिकारी चमन लाल ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय पर्वत दिवस 2025 की थीम — “पहाड़ों और उससे आगे पानी, भोजन और आजीविका के लिए ग्लेशियर मायने रखते हैं” — के महत्व पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्वत केवल प्राकृतिक सौंदर्य के प्रतीक नहीं, बल्कि जल संसाधनों, जैव विविधता, जलवायु संतुलन और स्थानीय आजीविका के आधार स्तंभ भी हैं। हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्य में पर्वत संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने तकनीकी संस्थानों और युवाओं की भूमिका पर विशेष बल देते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र भविष्य में जिम्मेदार नागरिक और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील तकनीशियन बनें। उन्होंने छात्रों को एकल-उपयोग प्लास्टिक से बचने, कचरे के पृथक्करण, स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
