नाहन( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):- नगर पंचायत राजगढ़ में आवारा कुत्तों से उत्पन्न होने वाले संभावित खतरों को कम करने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने की दिशा में एंटी रेबिस वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया। उपायुक्त जिला सिरमौर के निर्देशों के तहत यह अभियान नगर पंचायत राजगढ़ और पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त सहयोग से नगर के विभिन्न वार्डों में सफलतापूर्वक संचालित किया गया।
उपमंडलीय पशु चिकित्सा अधिकारी राजगढ़ डॉ. एस.एस. सिख ने बताया कि अभियान के दौरान करीब 25 आवारा कुत्तों को एंटी रेबिस वैक्सीन दी गई। उन्होंने कहा कि यह अभियान रेबिस जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए अत्यंत आवश्यक है, जिससे किसी भी दुर्भाग्यपूर्ण काटने की स्थिति में बच्चों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।डॉ. सिख ने यह भी जानकारी दी कि भविष्य में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उनकी नसबंदी की जाएगी, जिससे समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सके।
नगर पंचायत के सेनेटरी अधिकारी रामेश्वरम शर्मा ने बताया कि नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान हेतु शीघ्र ही डॉग शेल्टर के निर्माण की योजना पर कार्य शुरू किया जाएगा। इससे आवारा कुत्तों की उचित देखभाल के साथ-साथ आम नागरिकों को भी राहत मिलेगी।
इस अभियान में आशुतोष वर्मा, प्रदीप सहित नगर पंचायत व पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
