नाहन( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):- हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला में कुछ डॉक्टरों द्वारा मरीज के साथ की गई की गई गुंडागर्दी की सिरमौर जिला भाजपा नेताओं ने कड़े शब्दों में निंदा की है। सिरमौर जिला भाजपा महासचिव रणवीर ठाकुर और भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने एक संयुक्त बयान में कहा कि सुक्खू सरकार के राज में अब अस्पतालों में उपचाराधीन मरीज भी डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की गुंडागर्दी के शिकार हो रहे हैं और सरकार गहरी नींद में सोई हुई है। भाजपा नेताओं ने कहा कि अस्पताल में लोग अपनी जान बचाने के लिए जाते हैं लेकिन इस तरह की वारदात ने पूरे स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार कर दिया है । उन्होंने कहा कि मरीज के साथ की गई मारपीट के वायरल वीडियो से साफ जाहिर होता है कि अब चिकित्सक मरीजों की जान बचाने की अपेक्षा उनकी जान लेने पर उतारू हो रहे है। भाजपा नेताओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि आईजीएमसी में भर्ती अर्जुन पवार नामक एक मरीज के साथ डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ मिलकर मारपीट कर रहे हैं और जिसे देखकर लगता है कि यह स्वास्थ्य व्यवस्था के मामले में एक अनोखी घटना है । उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को लोग भगवान का दर्जा देते हैं लेकिन अगर वही भगवान मरीजों के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार करने लग जाए तो चिकित्सकों से समाज का भरोसा ही उठ जाएगा।
रणबीर ठाकुर ने कहा की यदि अस्पताल में डॉक्टर पैरामेडिकल स्टाफ ही मरीजों के साथ मारपीट करना शुरू कर देगा तो ऐसे में अस्पताल में भर्ती मरीजों की मनोस्थिति पर क्या प्रभाव पड़ेगा। भाजपा नेताओं ने इस वारदात की बड़े स्तर पर जांच करने की मांग उठाई है और कहा कि इस घिनौनी वारदात में शामिल पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों के खिलाफ तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए
