नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज):- नाहन शहर में ज्वलंत समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन ने आम लोगों का सहयोग मांगा है। एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में कहा कि शहरवासी ज्वलंत समस्याओं को लेकर अपने सुझाव 10 जनवरी तक प्रशासन को दे सकते हैंं। उन्होंने कहा कि शहरवासी लिखित में एसडीएम कार्यालय में या फिर एचएएस प्रोबेशनर रजत चौधरी के मोबाइल नंबर 94599-12012 पर भी सुझाव भेज सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नाहन शहर में कई समस्याएं हैं जिनका प्रशासन अपने स्तर पर समाधान करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। इस मामले में उपायुक्त सिरमौर व नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी से भी चर्चा की गई है। उपायुक्त सिरमौर ने इस मामले में आदेश दिए हैं कि एक विस्तृत रिपोर्ट बनाकर इस मामले में दी जाए। ऐसे में शहर में लोगों से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। लोग अपनी समस्याओं व शहर में क्या बेहतर किया जा सकता है, इसपर 10 जनवरी तक लिखकर दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि शहर में नो एंट्री प्वाइंट्स की नोटिफिकेशन 2004-05 की है। इन सभी नोटिफिकेशन पर पुन: विचार करने की जरूरत है। इसके बाद शहर में भारी संख्या में वाहन आ गए हैं। बाजार में भारी संख्या में वाहन जाते हैं। शहर में पार्किंग जोन बनाने के साथ-साथ पार्किंग बढ़ाने को लेकर काम किया जाना है। उन्होंने कहा कि शहर में अतिक्रमण के चलते आपातकाल में एंबुलेंस व फारयब्रिगेड़ आदि गाड़ियां ले जाने में भी समस्या आती है।
इसके अलावा शहर भर में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्थान चिन्हित करने की आवश्यकता है। यहां वहां स्ट्रीट वेंडर्स के होने से समस्या बढ़ी है। कुछ असामाजिक तत्व भी इस दिशा में सामने आए हैं। इन्हें हाल ही में एसपी सिरमौर के दिशा-निर्देशों पर पुलिस ने हटाया भी है। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था पर भी बेहतर काम करने की जरूरत है। घर द्वार से कचरा उठाने की योजना भी सही तरीके से नहीं चल रही है। इस दिशा में लोगों से सुझाव मांगे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सड़कों पर गाड़ियां पार्क होने से पैदल चलने वाले लोगों को समस्या आ रही है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में चर्चा की जाएगी और जिन लोगों के पास शहर में अपनी पार्किंग नहीं है, उन्हें वाहनों के पंजीकरण न किए जाने या किए जाने पर भी लोगों के विचार जाने जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहर में ई-टैक्सी चलाने पर विचार किया जा रहा है। ऐसे में कहां-कहां इनकी पार्किंग या स्टॉप हों, इसको लेकर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि कोर्ट, दिल्ली गेट, बनोग व दोसड़का में ई-टैक्सी गाड़ियों की व्यवस्था रखी जाने पर काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में शहर के सभी लोग, स्वयंसहायता समुह आदि जुडें और खुलकर अपने विचार रखें। जो भी सुझाव मिलेंगे, उसके अधार पर शहर में आने वाले समय में बेहतर काम किए जाएंगे।
