बड़ू साहिब ( हिमाचल वार्ता न्यूज):– इटरनल यूनिवर्सिटी, बड़ू साहिब में ग्रीन इनोवेशन क्लब द्वारा इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल के सहयोग से “औषधीय एवं सुगंधित पौधों द्वारा जैव विविधता संरक्षण” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रीन इनोवेशन क्लब के संयोजक डॉ. अमित सौरभ के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में जैव विविधता संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए औषधीय पौधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर अकाल कॉलेज ऑफ बेसिक साइंसेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. राकेश जोशी ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने जैव विविधता की अवधारणा, उसके महत्व तथा संरक्षण के विभिन्न उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने औषधीय एवं सुगंधित पौधों की जैव विविधता संरक्षण में भूमिका और सतत आजीविका को बढ़ावा देने में उनके योगदान के बारे में भी बताया। व्याख्यान के बाद प्रतिभागियों ने विश्वविद्यालय के हर्बल गार्डन का भ्रमण किया। इस दौरान जैव प्रौद्योगिकी विभाग के शोधार्थी श्री राजेंद्र ने विभिन्न औषधीय पौधों और उनके उपयोगों के बारे में जानकारी देते हुए उनका प्रदर्शन किया। इस भ्रमण से विद्यार्थियों को औषधीय पौधों की जैव विविधता को प्रत्यक्ष रूप से देखने और उनके महत्व को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में कुल 95 विद्यार्थियों ने संकाय सदस्यों के साथ सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा औषधीय पौधों के सतत उपयोग को प्रोत्साहित करना था।
