नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत माटल-बखोग के बखोग गांव में पाकिस्तान से जुड़े निशानों वाला गुब्बारा मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीण लोकेंद्र ठाकुर और उनकी पत्नी ने जमीन पर पड़े इस गुब्बारे को देखा, जिस पर “पी.आई.ए.” और पाकिस्तान से मिलते-जुलते रंग-चिन्ह बने हुए थे। सूचना मिलते ही गांव में लोग मौके पर जुटने लगे और तरह-तरह की आशंकाएं जताई जाने लगीं।ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन और पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे एक साधारण खिलौना गुब्बारा बताते हुए किसी भी प्रकार के खतरे से इनकार किया। हालांकि इस पूरे मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के निशानों वाला गुब्बारा गांव में मिलना सामान्य घटना नहीं है और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। जानकारों के अनुसार, इस प्रकार के गुब्बारे अक्सर भारत-पाक सीमा, विशेषकर जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में देखे जाते रहे हैं। पिछले दो-तीन दिनों से क्षेत्र में तेज हवाएं चल रही थीं, ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि गुब्बारा हवा के रुख के साथ लंबी दूरी तय कर यहां तक पहुंचा हो।
इसके बावजूद सुरक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि किसी भी बाहरी वस्तु को हल्के में लेना उचित नहीं है। ऐसे मामलों में यह सुनिश्चित करना जरूरी होता है कि इसके पीछे कोई अन्य उद्देश्य तो नहीं जुड़ा हुआ है। स्थानीय स्तर पर भी चर्चा है कि यदि यह वस्तु सीमा पार से आई है, तो यह सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से जांच का विषय बनता है।
