नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज़) (एसपी जैरथ):- देवी नगर, वार्ड नंबर 10 में करीब 15 नकाबपोश व्यक्तियों द्वारा एक मकान में प्रवेश कर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावर डंडों, लोहे की रॉड और तलवारों के साथ पहुंचे थे। घटना के दौरान घर में मौजूद व्यक्तियों को चोटें आई हैं। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हुई है, जिसमें हमलावरों की गतिविधियां देखी जा सकती हैं।
हमलावरों द्वारा घर की खिड़कियों, दरवाजों और बाहर खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। इस घटना में जावेद अली के परिवार को प्रभावित किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामले में अभिषेक, आशिक उर्फ काका और साहिदा के नाम सामने आए हैं। मामले में आपसी विवाद के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेन्द्र ठाकुर ने बताया कि घायलों का मेडिकल परीक्षण करवा लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि संदिग्धों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है और जांच प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई गई है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
