राजगढ़ ( हिमाचल वार्ता न्यूज)(एसपी जैरथ):- राजगढ़ उपमंडल के मानगढ़–चनाहलग–नाहन रूट पर चल रही एकमात्र बस सेवा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि तकनीकी रूप से खराब बस को भी यात्रियों से भरकर सड़क पर दौड़ाया जा रहा है, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ गई है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया है और परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार मानगढ़–चनाहलग से नाहन जाने वाली बस के पट्टे (स्प्रिंग) टूटे होने के बावजूद उसे चलाया गया। आरोप है कि इस स्थिति में भी बस को लिंक रोड पर ले जाने के निर्देश दिए गए, जबकि चालक और परिचालक ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बस को केवल मुख्य मार्ग से धीरे-धीरे मुख्यालय तक ले जाने की बात कही थी। उनका तर्क था कि ऐसा करने से यात्रियों को कम से कम राजगढ़ जाने वाली दूसरी बस मिल जाती और वे सुरक्षित तरीके से आगे का सफर पूरा कर पाते।लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक, कर्मचारियों की बात को नजरअंदाज कर दिया गया और बस को जोखिम भरे हालात में आगे बढ़ाने का दबाव बनाया गया। हालात इतने खराब हो गए कि शिरला के पास यात्रियों को बीच रास्ते में ही उतरना पड़ा। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि यह रूट पहले ही परिवहन सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है।
