नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होते ही अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय में खुशी, गर्व और उत्साह का माहौल व्याप्त हो गया। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत (100%) रहा, जिसमें कुल 46 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया और सभी विद्यार्थी सफलता के साथ उत्तीर्ण हुए। कोई भी विद्यार्थी अनुत्तीर्ण तथा अनुपूरक परीक्षा की श्रेणी में नही आया।विद्यार्थियों के इस शानदार प्रदर्शन ने उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन को सिद्ध किया है। उत्कृष्ट अंकों के साथ उत्तीर्ण हुए छात्रों ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला, जहाँ सभी ने एक-दूसरे को बधाइयाँ देकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
इस वर्ष के परीक्षा परिणामों में अंग्रेजी, हिन्दी तथा सामाजिक विज्ञान के विषयों में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों में आद्विक ठाकुर ने 91.6%, चिराग नेगी 91.2%, तथा आयुष शर्मा ने 87% अंक प्राप्त कर क्रमश: प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करके उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय की निदेशक व प्रधानाचार्या श्रीमती देविंदर कौर साहनी ने इस अवसर पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है, और यही गुण विद्यार्थियों को जीवन में उच्च शिखरों तक पहुँचाते हैं। साथ ही उन्होंने शिक्षकों के अथक प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय के चेयरमैन श्री अनिल जैन एवं महासचिव श्री सचिन जैन ने भी शत-प्रतिशत परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया तथा सभी को बधाई दी।
