श्री रैणुका जी ( हिमाचल वार्ता न्यूज):पूरे देश में भगवान परशुराम जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय नाहन में भी विभिन्न मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मीडिया से बात करते हुए ब्राह्मण सभा नाहन के सदस्य भावन शर्मा ने बताया कि नाहन के ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर में भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव और अक्षय तृतीया के उपलक्ष में दो दिवसीय रामायण पाठ का समापन हुआ।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर परिसर में पूरे विधि-विधान के साथ पाठ संपन्न कराया गया। ब्राह्मण सभा की ओर से भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। भावन शर्मा ने बताया कि जिला सिरमौर भगवान परशुराम की जन्मस्थली है। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में धार्मिक चेतना और एकता को बढ़ावा मिलता है। इसके अलावा, काली स्थान तालाब स्थित हनुमान मंदिर में भी भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया।
हनुमान सेवा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। समिति के सदस्य कमलेन्द्र शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जन्मोत्सव को लेकर लोगों में खास उत्साह देखने को मिला।नाहन में भगवान परशुराम जन्मोत्सव आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता के संदेश के साथ धूमधाम से मनाया गया।
