नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-सिविल अस्पताल राजगढ़ में बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। अस्पताल के टॉयलेट में एक नवजात शिशु मृत अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया और अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े 8 बजे एक सफाई कर्मचारी रोज की तरह टॉयलेट की सफाई करने पहुंचा। सफाई के दौरान उसकी नजर टॉयलेट सीट में फंसी एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। जब उसने ध्यान से देखा तो वह एक नवजात शिशु का शव था। यह दृश्य देखकर कर्मचारी के होश उड़ गए और उसने तुरंत स्टाफ नर्स व डॉक्टरों को इसकी सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन हरकत में गया और मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
बीएमओ राजगढ़ डॉ. उपासना शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुबह अस्पताल के टॉयलेट में नवजात शिशु मृत अवस्था में मिला है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने अस्पताल के स्टाफ के बयान दर्ज कर लिए हैं और अब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि इस अमानवीय कृत्य के पीछे जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान की जा सके। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि नवजात को जन्म के तुरंत बाद यहां फैंका गया हो सकता है, हालांकि वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
यह घटना न केवल इंसानियत को शर्मसार करने वाली है, बल्कि समाज के संवेदनशील पहलुओं पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
