नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोज़गार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज पीएचसी कोटा पाब का शुभारंभ किया। इसके उपरांत उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटा पाब में 23 लाख रुपए की लागत से निर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण भी किया। इससे पूर्व क्षेत्रवासियों ने उद्योग मंत्री का पारंपरिक वाद्य यंत्रों सहित भव्य स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों को पीएचसी तथा रावमापा में निर्मित अतिरिक्त कमरों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार दूरदराज क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्राथमिकता के आधार पर स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र में ढांचागत सुविधाओं के साथ-साथ स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घर-द्वार पर ही बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों के सुदृढ़ीकरण से भविष्य में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आर्थिक तंगी के कारण उपचार से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में 19 करोड़ की लागत से शिलाई में निर्मित होने वाले 100 बिस्तरों के नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कर जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। जिसके उपरांत नागरिक अस्पताल शिलाई में मरीजों की सुविधा के लिए 100 बिस्तरों की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि शिलाई अस्पताल में 250 से 300 मरीजों की प्रतिदिन की ओपीडी है जिनके लिए 8 डॉक्टर मौजूद है।
